नेताओं ने मजदूर-किसान मुद्दों पर 24 मार्च की रैली में भाग लेने की अपील की बक्सर खबर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा 24 मार्च को दिल्ली में आयोजित होने वाली दिल्ली चलो जन आक्रोश रैली को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से बिहार भर में प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पार्टी की ओर से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में छह प्रचार रथ निकाले गए हैं, जो गांव-गांव जाकर आम जनता को रैली की मांगों से अवगत करा रहे हैं। बुधवार को ऐसा ही एक प्रचार रथ कैमूर जिले से होते हुए बक्सर जिले में प्रवेश किया। इस दौरान चौसा प्रखंड के पिठारी गांव में एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता वीरेंद्र चौधरी ने की। सभा को संबोधित करते हुए राज्य नेता अहमद अली, कामरेड विक्रम, प्रधान सिंह, परमहंस सिंह, हरेराम सिंह, अरुण कुमार ओझा तथा महावीर पंडित सहित अन्य नेताओं ने कहा कि देश में मजदूर-किसान और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर 24 मार्च को दिल्ली में बड़ी रैली आयोजित की जा रही है।
उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर रैली को सफल बनाने की अपील की। नेताओं ने कहा कि प्रमुख मांगों में मनरेगा को प्रभावी रूप से लागू करने, चारों श्रम संहिताओं को समाप्त करने, बिजली विधेयक वापस लेने तथा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को रद्द करने की मांग शामिल है। उनका कहना था कि इन नीतियों का असर सीधे मजदूरों, किसानों और आम जनता पर पड़ रहा है। सभा के बाद प्रचार रथ जिला मुख्यालय स्थित ज्योति प्रकाश चौक पहुंचा, जहां पार्टी नेताओं ने कामरेड ज्योति प्रकाश की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रचार रथ अर्जुनपुर में आयोजित बैठक के लिए रवाना हो गया।
































































































