मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को योजनाओं, हेल्पलाइन नंबर और सरकारी सुविधाओं की दी गई जानकारी बक्सर खबर। डुमरांव प्रखंड के अरियांव गांव में बुधवार को महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन की ओर से बाल विवाह, लैंगिक उत्पीड़न सहित सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और किशोरियों को इन मुद्दों पर जागरूक करते हुए विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि यह मासिक जागरूकता अभियान सामूहिक सहभागिता और जन-जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाती है। मिशन शक्ति योजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी लोगों को विस्तार से बताया गया। इसमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन नंबर 112, महिला पुनर्वास कोष तथा कौशल विकास कार्यक्रम जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अंतर्गत जिला नियोजन कार्यालय द्वारा दी जाने वाली सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत विधवा और वृद्धा पेंशन, जिला नियोजन एवं परामर्श केंद्र की सेवाओं सहित जिला प्रशासन की अन्य योजनाओं के बारे में भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आधार पंजीकरण से जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी भी साझा की गई। प्रचार-प्रसार कार्यक्रम के दौरान लैंगिक विशेषज्ञ शिवांगी, मल्टी-टास्किंग स्टाफ मुकेश कुमार, महिला पर्यवेक्षिका पूनम कुमारी समेत अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

































































































