चेन पुलिंग कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

0
381

एक आरोपी रंगे हाथ दबोचा गया, दो फरार साथियों को बस स्टैंड से किया गया गिरफ्तार                              बक्सर खबर। अजमेर साप्ताहिक हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 13423 अप में अलार्म चेन पुलिंग कर एसी कोच में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन अपराधियों को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने न सिर्फ एक आरोपी को मौके से दबोचा, बल्कि फरार दो अन्य साथियों को भी बस स्टैंड के पास से पकड़ लिया। चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 13423 अप को बक्सर स्टेशन और पवनी हॉल्ट के बीच अलार्म चेन खींचकर रोका गया है, जिसके कारण ट्रेन रात 01:16 बजे से खड़ी है। सूचना मिलते ही आरपीएफ बक्सर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एसी कोच से चोरी किए गए सामान के साथ एक अपराधी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

हालांकि, गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। आरपीएफ टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए विभिन्न स्थानों पर तलाश शुरू की और अंततः दोनों आरोपियों को शहर के बाईपास रोड स्थित बस स्टैंड के समीप धर दबोचा। पूछताछ के बाद चोरी का समस्त सामान बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के पवन कुमार 20 वर्ष, पिता- स्व. चंदेश्वर राय, निवासी- गंजपार, थाना-अथमलगोला। निवास कुमार 27 वर्ष, पिता- स्व. बहादुर सिंह, निवासी- अथमलगोला और बुधन कुमार 26 वर्ष, पिता- कृष्ण राय, निवासी- लहरिया टोला, थाना- अथमलगोला के रुप में हुई है। उनके पास से दो पीस महिलाओं का पर्स, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक सेट चांदी का बाला, एक आर्टिफिशियल मंगलसूत्र और कॉस्मेटिक सामग्री बरामद किया गया। कार्रवाई में आईपीएफ पोस्ट प्रभारी कुन्दन कुमार, एसआई विजेंद्र मुवाल, एएसआई नंदलाल राम, सीटी राहुल कुमार एवं सीटी सोना लाल यादव शामिल रहे। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here