गलत दिशा में दौड़ रही बस बनी काल, घायलों की हालत नाजुक, पुलिस ने बस को किया जब्त। बक्सर खबर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप शनिवार दोपहर करीब तीन बजे एक भीषण सड़क दुघर्टना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार बस उल्टी लेन में आ रही थी, जिसके कारण यह आमने-सामने की टक्कर हुई। बताया जाता है कि एक ही बाइक पर सवार होकर तीन युवक डुमरी गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे लेवाड़ गांव के पास पहुंचे, सामने से गलत दिशा में तेज गति से आ रही बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान डुमरी गांव निवासी अनिल साह के 16 वर्षीय पुत्र छठू साह के रूप में की गई है। वहीं हादसे में घायल हुए युवकों में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के संतोष माली के 18 वर्षीय पुत्र लाला कुमार तथा गर्जन माली के 25 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार शामिल हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



































































































