उत्तर प्रदेश से बिहार में घुसते ही एसआईटी ने कर्मनाशा पुल पर दबोचा, अब तक 10 आरोपी जा चुके हैं जेल बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष हुए चर्चित अर्जुन यादव हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। फरार चल रहे मुख्य शूटर के सहयोगी को एसआईटी टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। 26 मई 2025 को चौसा पावर प्लांट के समीप कुछ अज्ञात अपराधियों ने अखौरीपुर गोला निवासी स्वर्गीय सुरेन्द्र यादव के पुत्र अर्जुन यादव को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या-232/25 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक इस कांड में कुल नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि इस मामले में मुख्य शूटर निखिल यादव का सहयोगी दिनेश यादव फरार चल रहा था।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार आसूचना संकलन कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में मंगलवार को सूचना मिली कि दिनेश यादव उत्तर प्रदेश से बक्सर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर एसआईटी टीम ने कर्मनाशा पुल के समीप घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दिनेश यादव ने इस हत्याकांड में मुख्य शूटर निखिल यादव के सहयोगी के रूप में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार अभियुक्त दिनेश यादव, पिता रामाश्रय यादव, ग्राम इमामुद्दीनपुर, तहसील कासिमाबाद, जिला गाजीपुर का निवासी है। उसके विरुद्ध मुफस्सिल थाना कांड संख्या-232/25 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 61(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा इटाढ़ी थाना कांड संख्या-197/25 में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। बुधवार को सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस गिरफ्तारी की जानकारी दी। इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, डीआईयू शाखा के पु.अ.नि. चंदन कुमार, डीआईयू के सशस्त्र बल तथा मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
































































































