अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ने किया तैल चित्र का अनावरण, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनके योगदान को किया गया याद बक्सर खबर। कांग्रेस के दिवंगत वरिष्ठ नेता, भोजपुरी साहित्य मंडल के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अनिल कुमार त्रिवेदी (टुनटुन त्रिवेदी) की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को व्यवहार न्यायालय के पुस्तकालय भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अधिवक्ता संघ के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बबन ओझा ने स्वर्गीय त्रिवेदी के तैल चित्र का अनावरण किया।
मंच संचालन वरीय अधिवक्ता रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने किया। उपस्थित अधिवक्ताओं एवं अतिथियों ने तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बबन ओझा, जनार्दन राय, राजेंद्र दुबे, सरोज उपाध्याय, मथुरा चौबे एवं रामनाथ ठाकुर सहित अन्य वक्ताओं ने स्वर्गीय त्रिवेदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि अनिल कुमार त्रिवेदी पेशे से अधिवक्ता जरूर थे, लेकिन उन्होंने राजनीति और सामाजिक कार्यों में अधिक समय दिया। वे राजनीतिक व्यक्ति थे, किंतु कूटनीतिक नहीं। अपने कार्यकाल में उन्होंने लंबे समय तक जनसेवा करते हुए जरूरतमंदों की सहायता की और समाज के विभिन्न वर्गों को लाभान्वित किया।
श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत अधिवक्ता के पुत्र युगराज त्रिवेदी एवं ईशान त्रिवेदी भी उपस्थित रहे। उन्होंने अधिवक्ता संघ के प्रति विनम्र भाव से कृतज्ञता प्रकट की। इस अवसर पर शेषनाथ सिंह, आदित्य कुमार वर्मा, गणेश ठाकुर, ब्रजेश त्रिपाठी, प्रमोद सिंह, अरविंद पांडेय, सत्य प्रकाश राय, सुमन श्रीवास्तव, श्रीमन नारायण ओझा, दीना सिंह, रामाश्रय सिंह, सुजीत कुमार सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

































































































