-हवाई अड्डा से लेकर, किला मैदान तक व्यवस्था चकाचक करने का निर्देश
बक्सर खबर। मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा 24 मार्च को बक्सर में होगी। इसका संदेश अब जिला प्रशासन को भी प्राप्त हो गया है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक हलके में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों की भाग दौड़ तेज हो गई है। पथ निर्माण विभाग वालों को तो जरूरत से ज्यादा पसीना आ रहा है। क्योंकि हवाई अड्डा से लेकर, आईटीआई मैदान व किला मैदान तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है।
जिसका जायजा लेने बुधवार को जिलाधिकारी साहिला भी पहुंची। उन्होंने सख्त फरमान जारी किया है। हवाई अड्डा मार्ग, सेंट्रल जेल रोड मार्ग, आई टी आई मैदान व किला मैदान तक की सड़क चकाचक होनी चाहिए। नालों पर स्लैब व गड्ढों को पाटकर उन्हें समतल बनाने का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाए। मुख्यमंत्री आई टी आई मैदान भीज जाएंगे। जहां करोड़ों की लागत से अटल कला भवन बन रहा है।

जिलाधिकारी ने वहां का भी जायजा लिया। हाल ही में बनी यह सड़क भी टूट गई है। उस पर भी सबकी नजर गई। डीएम ने सभी कमियों को दुरूस्त करने का फरमान सबको दिया। साथ ही साफ-सफाई को भी मुकम्मल रखने की हिदायत दी गई। इस दौरान उनके साथ अपर समाहर्ता, दोनों अनुमंडलों के एसडीएम व पथ निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

































































































