– पुलिस ने स्वयं दर्ज कराई प्राथमिकी, कोई नहीं आया सामने
बक्सर खबर। जिले के ग्यारह कारोबारियों को धमकी मिली है। इसमें कुछ कंपनी के लोग भी शामिल हैं। फोन करने वाले ने फिलहाल सिर्फ धमकी दी है। मैं शेरू सिंह बोल रहा हूं। जिस नंबर से यहां के लोगों को फोन किया गया था। पुलिस ने उसे ट्रेस करना प्रारंभ किया। जांच में पता चला उसका लोकेशन बेउर जेल है। अगर फोन जेल से आया है तो यह पक्का कोई अपराधी है। यह बात समझते पुलिस को देर नहीं लगी। शेरू फिलहाल बंगाल के पुरूलिया जेल में है।
तो यहां से कोई दूसरा उसके नाम पर ऐसा खेल कर रहा है। यहां तत्काल एक टीम पटना भेजी गई। पूछताछ में पता चला सिकंदर यादव नाम के पुराने अपराधी ने ऐसा कार्य किया है। लेकिन, किसके इशारे पर यह हुआ। यह पुलिस उससे उगलवा नहीं सकी है। क्योंकि जेल में बंद अपराधी पर सख्ती संभव नहीं। लेकिन, जिला पुलिस के कान खड़े हो गए हैं। कोई शिकायत करने वाला सामने नहीं आया। जेल में बंद अपराधी से पूछताछ के लिए प्राथमिकी जरूरी थी।
एसपी के निर्देश पर नगर कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने स्वयं प्राथमिकी दर्ज की। और इस मामले में सख्त जांच प्रारंभ कर दी गई है। यहां एक बात कहना गैरवाजिब नहीं होगा। लोग अक्सर पुलिस को भला बुरा कहते हैं। लेकिन, अगर ऐसे मामलों में पुलिस अधिकारी स्वयं जोखिम न उठाएं तो न जाने, अपराधी क्या खेल करेंगे। फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है। इसकी क्या प्रगति है, इस बारे में पूछने पर कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। जानकार यह भी बता रहे हैं कि, इन ग्यारह में सभी दुकानदार ही नहीं हैं। कुछ वैसे लोग भी हैं, जिनकी कंपनी यहां काम कर रही है।