टाटा मोटर्स और कोका-कोला समेत 14 बड़ी कंपनियों ने युवाओं को दिया मौका बक्सर खबर। प्रखंड कार्यालय चौगाई के समीप खेल मैदान परिसर में शुक्रवार को जीविका के माध्यम से आयोजित रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला युवाओं के लिए उम्मीदों का बड़ा मंच साबित हुआ। मेले में कुल 875 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 256 युवाओं का मौके पर प्राथमिक रूप से चयन कर रोजगार उपलब्ध कराया गया, जबकि 210 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण किया। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत आयोजित इस मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला, डुमरांव एसडीओ, जिला परियोजना प्रबंधक एवं जीविका दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की वाहक बनी जीविका अब युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। मेले में 14 विभिन्न कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जीविका महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ युवाओं को भी कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे डीडीयू-जीकेवाई के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। रोजगार प्रबंधक ने जानकारी दी कि मेले में चयनित 256 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। मेले में टाटा मोटर्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, एचसीएल, पेप्सी, कोका-कोला, उत्कर्ष स्मॉल माइक्रोफाइनेंस बैंक सहित अन्य कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।






























































































