सभी प्रखंडों में खराब चापाकलों की होगी मरम्मत, शिकायत के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया बक्सर खबर। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के अंतर्गत जिले में अधिष्ठापित चापाकलों की मरम्मत के लिए मंगलवार को समाहरणालय परिसर से चापाकल मरम्मत दलों को रवाना किया गया। जिलाधिकारी साहिला ने हरी झंडी दिखाकर मरम्मत दलों को उनके-अपने प्रखंडों के लिए प्रस्थान कराया। इस दौरान अपर समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, सभी सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में खराब पड़े चापाकलों की त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए यह पहल की गई है, ताकि लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
जिले के सभी प्रखंडों में चापाकलों की मरम्मत के लिए कुल 11 चापाकल मरम्मत दल का गठन किया गया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में खराब चापाकलों की जांच कर उनकी मरम्मत करेंगी। इसके साथ ही लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर के कार्यालय कक्ष में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां चापाकल से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत दर्ज कराने के लिए दूरभाष संख्या 06183-295053 जारी की गई है। इसके अलावा संबंधित प्रखंड के कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता से भी संपर्क कर चापाकल खराब होने की सूचना दी जा सकती है, ताकि शीघ्र मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति बहाल की जा सके।

































































































