शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से यौन शोषण, एफआईआर दर्ज, आरोपित फरार

0
4866

देवघर मंदिर में रचाई थी शादी, फिर भी नहीं किया सामाजिक रूप से स्वीकार                                       बक्सर खबर। हरियाणा फार्म डुमरांव में तैनात बिहार विशिष्ट विशेष सशस्त्र पुलिस बल की एक महिला जवान से उसके ही साथी जवान ने शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक यौन शोषण किया। इस दौरान पीड़िता तीन बार गर्भवती हुई और हर बार आरोपित ने उसे बहला-फुसला कर गर्भपात करा दिया। पीड़िता को धोखे में रखने के लिए एक बार देवघर के बैजनाथ धाम मंदिर में शादी का स्वांग भी रचाया गया, लेकिन उसे कभी सामाजिक मान्यता नहीं दी गई। आखिरकार, मई 2025 में जब आरोपित जवान ने दूसरी लड़की से शादी कर ली, तब पीड़िता का सब्र टूट गया और उसने डुमरांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पीड़िता मूल रूप से पटना जिले की रहने वाली है और बिसैप में सिपाही के पद पर तैनात है। फरवरी 2023 में उसकी मुलाकात गया जिले के उमेश कुमार से हुई थी। बातचीत के दौरान उमेश ने उसका मोबाइल नंबर लिया और लगातार संपर्क में रहने लगा। पीड़िता ने बताया कि वह 27 अप्रैल 2023 को वाराणसी गई थी, जहां उमेश भी पीछे-पीछे पहुंच गया। कैंट इलाके के एक होटल में उसने जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीड़िता को धमकाया और नौकरी जाने की दुहाई देते हुए शादी का झांसा देने लगा।

मई 2023 में पहली बार गर्भवती होने पर उमेश ने बहन की शादी की सालगिरह का बहाना बनाकर देवघर के बैजनाथ धाम मंदिर ले जाकर शादी का नाटक किया। लेकिन बाद में गर्भपात भी करवा दिया और कभी सामाजिक तौर पर अपनाया नहीं। सितंबर 2023 में पीड़िता दूसरी बार और सितंबर 2024 में तीसरी बार गर्भवती हुई। तीसरी बार गर्भवती होने पर उमेश उसे पटना ले गया और चेकअप के नाम पर गर्भपात करवा दिया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव डाला तो वह मुकर गया और धमकी देने लगा। अंततः मई 2025 में उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली। शादी की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने डुमरांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई। प्रभारी थानाध्यक्ष मतेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपित को विभाग ने सस्पेंड कर दिया है और वह फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here