विश्वामित्र सेना के पहले स्थापना दिवस पर जरूरतमंदों को मिलेगी राहत

0
27

वामन आश्रम खेल मैदान में 22 जनवरी को होगा कंबल वितरण, राजकुमार चौबे ने कहा यह उत्सव नहीं, सेवा और समर्पण का संकल्प है                                              बक्सर खबर। सनातन संस्कृति, सामाजिक सेवा और राष्ट्र चेतना के मूल्यों को समर्पित संगठन विश्वामित्र सेना के प्रथम स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर स्थापना दिवस सह कंबल वितरण समारोह का आयोजन 22 जनवरी को किया जाएगा। आयोजन को लेकर संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरे उत्साह और सेवा भाव के साथ जुटे हुए हैं। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक सेंट्रल जेल के समीप वामन आश्रम खेल मैदान में आयोजित होगा। समारोह के दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि विश्वामित्र सेना का यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति संगठन की जिम्मेदारी और सनातन मूल्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कंबल वितरण के माध्यम से ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। विश्वामित्र सेना का गठन सनातन संस्कृति की रक्षा, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से किया गया है।

राजकुमार चौबे ने जोर देकर कहा कि हमारा प्रथम स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का संकल्प है। देवभूमि बक्सर से सनातन चेतना को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाना ही हमारा लक्ष्य है। कंबल वितरण जैसे सेवा कार्य हमारे संस्कारों की सजीव अभिव्यक्ति हैं। संगठन ने संत समाज, बुद्धिजीवियों, मातृशक्ति, युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों से इस पावन आयोजन में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि लोगों की सहभागिता से बक्सर की सनातन संस्कृति को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। विश्वामित्र सेना का यह प्रथम स्थापना दिवस बक्सर को सनातन चेतना की भूमि के रूप में और अधिक प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here