-सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों को रेफर किया था हायर सेंटर
बक्सर खबर। सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों की हालत गंभीर थी। उन्हें अस्पताल से रेफर किया तो वे एंबुलेंस की मांग करने लगे। लेकिन, मौके पर समय से एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस बात से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को डुमरांव के अनुमंडलीय अस्पताल में जमकर बवाल काटा। उन लोगों ने दरवाजे पर गुस्सा निकाला और उसके शीशे तोड़ दिए। अस्पताल की लचर व्यवस्था के खिलाफ आक्रोशित हो कर्मियों की तरफ लपके। लेकिन, वहां मौजूद चिकित्सक और कर्मी भाग खड़े हुए।
सूचना के अनुसार उन्होंने पास में स्थित अनुमंडल कार्यालय में जाकर अपनी जान बचाई। दूसरी तरफ आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के संसाधनों को नुकसान पहुंचाया और बाहर खड़े स्ट्रेचर वगैरह पलट दिया। घटना शुक्रवार अपराह्न तीन बजे की है। यह हंगामे के वक्त अनुमंडलीय अस्पताल की उपाधीक्षक श्रुति प्रकाश व इमरजेंसी के डॉक्टर लोकेश कुमार वहां मौजूद थे। उपाधीक्षक ने कहा इस घटना के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

-कृष्णाब्रह्म इलाके के थे घायल
बक्सर खबर। सूचना के अनुसार कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के चौकियां गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार तीन युवक दुर्घटना के शिकार हो गए। उनमें से दो करण दुबे व भोला दुबे निवासी ढ़काइच की हालत गंभीर थी। तीसरा युवक आंशिक रुप से घायल था। डॉक्टर ने दोनों गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान कुछ और लोग अस्पताल आ पहुंचे। उन सभी के द्वारा एंबुलेंस की मांग हुई। अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें आश्वासन दिया। व्यवस्था हो रही है। लेकिन, विलंब होते देख घायलों के साथ आए लोग भड़क गए और हंगामा मचाना शुरू कर दिया। जब हंगामा हुआ तो डॉक्टरों ने डीएसपी को सूचना दी। मौके पर 112 की पुलिस टीम पहुंची। तब तक परिजन घायलों को लेकर निकल चुके थे।






























































































