दरवाजे पर सो रहे युवक की संदिग्ध मौत, गर्दन पर मिले निशान

0
981

हत्या की आशंका में ग्रामीणों ने बक्सर-कोचस मार्ग किया जाम                                                                       बक्सर खबर। राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुवा गांव में दरवाजे पर सो रहे एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह बक्सर-कोचस मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मृत युवक की पहचान हेठुवा गांव के कमकर टोला निवासी भागीरथ कुशवाहा के 22 वर्षीय पुत्र मंटू मौर्य के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार होली की शाम किसी से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद वह खाना खाकर अपने दरवाजे पर सो गया। देर रात करीब 12 बजे परिजनों ने उसे मूर्छित अवस्था में देखा। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार के लोगों का कहना है कि युवक की गर्दन पर दबाव के निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार को पुराने सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लगभग सुबह 10 बजे भलुहा गांव के समीप बक्सर-कोचस मार्ग को जाम कर दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंटू मौर्य की गला दबाकर हत्या की गई है और इसमें शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग भी की जा रही है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here