रंगों की फुहार संग बही भाईचारे की बयार

0
32

बिहार सेंट्रल स्कूल में छात्रों ने गुलाल और पुष्पवर्षा से मनाया होली मिलन समारोह                                    बक्सर खबर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में होली मिलन समारोह उल्लास, उमंग और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। होली पर्व से पूर्व विद्यालय की परंपरा के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में सीनियर एवं जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रंगोत्सव को यादगार बना दिया। समारोह के दौरान बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे विद्यालय परिसर में रंगों की छटा, हंसी-खुशी और सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों ने आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का परिचय देते हुए एक-दूसरे के प्रति मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि होली मिलन केवल रंग खेलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के भीतर समरसता, बंधुत्व और सामाजिक सौहार्द की भावना विकसित करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि हमारे सभी पर्व-त्योहार जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देते हैं। यदि विद्यार्थी इन मूल्यों को अपने जीवन में उतारें, तो एक स्वस्थ, सशक्त और सुंदर समाज का निर्माण संभव है। कक्षा 8 के छात्र शशि चंद्र ने अपने विचार रखते हुए कहा कि जिस प्रकार प्रकृति हर वर्ष नए स्वरूप में परिवर्तित होती है, उसी प्रकार हमें भी अपने विचारों को सकारात्मक दिशा में बदलते रहना चाहिए, ताकि हम बेहतर और श्रेष्ठ जीवन जी सकें। वहीं कक्षा 8 की छात्रा राजलक्ष्मी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मानवीय भावनाओं के खुले और पवित्र अभिव्यक्ति का अवसर है। इस अवसर पर शिक्षक ललित ओझा, अर्चना श्रीवास्तव, मधु श्रीवास्तव, अभय, चांद, मोहम्मद अतीक, सुनील, वरुण, छाया, शैलेश, तसलीमा, जानवी, अरुणिमा, प्रिया, अनुराधा एवं अमित सहित अन्य उपस्थित रहे। समापन पर सचिव सरोज सिंह ने आगामी वार्षिक परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और निष्ठापूर्वक अध्ययन की सलाह दी, ताकि सभी छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here