पूर्व प्रभारी प्राचार्य रहे, शिक्षा और अनुशासन के क्षेत्र में दिया महत्वपूर्ण योगदान बक्सर खबर। शहर के महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के वरिष्ठ शिक्षक एवं पूर्व प्रभारी प्राचार्य प्रो. डॉ. रामाशीष सिंह का बुधवार को प्रातः लगभग 4 बजे 85 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही महाविद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने वर्ष 2007 में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के पद को सुशोभित किया था। अपने लंबे शैक्षणिक जीवन में उन्होंने शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। वे अपने सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए सदैव याद किए जाएंगे।
उनके निधन पर महाविद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. कृष्णा कान्त सिंह के नेतृत्व में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. कृष्णा कान्त सिंह ने कहा कि प्रो. रामाशीष सिंह का निधन महाविद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी विद्वता, अनुशासनप्रियता और शिक्षा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। इस अवसर पर भौतिक विज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक प्रो. डॉ. श्याम जी मिश्रा, प्रो. डॉ. सुरेन्द्र सिंह सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
































































































