-बेंगलुरु में रहने वाले जिले के चार युवक हुए दुर्घटना के शिकार
बक्सर खबर। जिंदगी का क्या है। पर भर में हंसता खेलता नौजवान लाश बन जाता है। ऐसा ही हुआ बक्सर के नीतीश के साथ। दो दिन पहले अर्थात 3 मार्च को बेंगलुरु में। एक ही बाइक पर सवार होकर बक्सर के चार युवक रात के वक्त कहीं जा रहे थे। इनकी बाइक का संतुलन बिगड़ा और दुर्घटना हो गई। इसमें राजपुर थाना के रुपापोखर गांव निवासी नीतीश कुमार (25) पिता राजेन्द्र भर की दुखद मौत हो गई। तीन अन्य युवक जो इसके साथ बाइक पर थे, वे घायल हैं। सूचना के अनुसार शुक्रवार को नीतीश का शव गांव पहुंचेगा।
घायल युवकों में मृत्युंज कुमार पिता रामाश्रय राजभर, दयाशंकर पिता विजय शंकर राजभर, दोनों निवासी ग्राम पिपरा, थाना राजपुर के निवासी हैं। एक अन्य युवक विकास कुमार राम बक्सर शहर का रहने वाला है। सूत्रों के अनुसार यह सभी एक ही शहर में रहते थे। अलग-अलग जगह मशीन, ट्रैक्टर व जेसीबी चला रहे थे। होली से एक दिन पहले सभी एक बाइक पर घूमने निकले थे। घर लौटते समय उनके साथ यह दुर्घटना हो गई। यह तीनों घायल भी शुक्रवार को अपने-अपने घर लौट रहे हैं। क्योंकि परदेस में उनकी देखभाल करने वाला भी कोई नहीं है। यहां एक बात का उल्लेख कर देना और जरूरी है। घटना के बारे में जब जानकारी एकत्र करने के लिए इन लोगों के गांव से संपर्क तो पता चला घटना 3 मार्च की नहीं 4 मार्च की दोपहर अर्थात होली के दिन हुई।

































































































