चुरामनपुर के मैदान पर 19-20 जनवरी को डे-नाईट प्रतियोगिता में गूंजेगी स्टिक की थाप बक्सर खबर। हॉकी प्रेमियों के लिए जिले से बड़ी और उत्साहवर्धक खबर सामने आई है। चुरामनपुर स्थित हॉकी मैदान में बक्सर हॉकी गोल्ड कप 2026 का भव्य आयोजन आगामी 19 एवं 20 जनवरी को किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट डे-नाईट प्रारूप में खेला जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आई पुरुष एवं महिला हॉकी टीमें अपने खेल का दमखम दिखाएंगी। पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में विजेता टीम को नकद पुरस्कार के साथ चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इस वर्ग में उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों की नामी टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। पुरुष वर्ग की प्रमुख टीमें: अलेक्स हॉकी क्लब (मेरठ), मलिक हॉकी अकादमी (रामपुर), केपी इंटर कॉलेज एवं अभिनव हॉकी क्लब (प्रयागराज), कबीर हॉकी क्लब (सहरसा), मानसी फाउंडेशन (मुंबई), वीर लोरिक स्टेडियम (बलिया), पीएन मेहता हॉकी क्लब (मुजफ्फरपुर), स्पोर्ट्स क्लब (बिहिया, पूर्णिया, खगड़िया), रवि रोशन एवं पटेल हॉकी अकादमी (पटना), एलएसडीएस हॉकी अकादमी (आठगांव), द रिश्रा क्लब (कोलकाता), ईके हॉकी क्लब (कानपुर) और मातृभूमि स्पोर्ट्स क्लब (बक्सर)।
टूर्नामेंट में महिला वर्ग की प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। देश के विभिन्न हिस्सों से आई प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी अपने खेल से दर्शकों को रोमांचित करेंगी। महिला वर्ग की भागीदार टीमें: अलेक्स हॉकी क्लब (मेरठ), कबीर हॉकी क्लब (सहरसा), मलिक हॉकी अकादमी (रामपुर), फिरोज हॉकी अकादमी (भोजपुर), स्पोर्ट्स क्लब (बिहिया, भोजपुर-आरा), मातृभूमि स्पोर्ट्स क्लब (बक्सर), एमके हॉकी अकादमी (पटना), द रिश्रा क्लब (कोलकाता), कॉल हॉकी क्लब (अलीगढ़) और मानसी फाउंडेशन (मुंबई)। इस टूर्नामेंट का आयोजन हॉकी बक्सर के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन समिति के सचिव सलमान खान ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच देना, महिला हॉकी को प्रोत्साहन देना और बक्सर को राष्ट्रीय हॉकी मानचित्र पर स्थापित करना है। उन्होंने जिले के सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में चुरामनपुर स्थित हॉकी मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस खेल महोत्सव को ऐतिहासिक बनाएं।





























































































