तानाशाही सरकार ने देश को बर्बादी की ओर धकेला: जिलाध्यक्ष बक्सर खबर। देशभर में लगातार बढ़ रही महंगाई से लोग पहले ही परेशान हैं, ऊपर से गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल के दाम में अचानक बढ़ोतरी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। इसी के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ मनोज पांडेय की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के मेन रोड स्थित पार्टी कार्यालय के पास केंद्र सरकार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
मौके पर डॉ. पांडेय ने कहा कि “केंद्र की तानाशाह सरकार लोगों का ध्यान असल मुद्दों से भटका कर देश को बर्बादी की ओर धकेल रही है। चुनाव से पहले महंगाई, गैस सिलेंडर और किसानों की हालत जैसे मुद्दों पर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सब भूल गए।” उन्होंने आगे कहा, “हर परिवार को 15-15 लाख, किसानों की दोगुनी आमदनी, हर साल 2 करोड़ नौकरियों जैसे वादे अब केवल झूठ की मिसाल बन चुके हैं। मोदी सरकार ने झूठ की भी हद पार कर दी है। अब हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद जैसे मुद्दों पर जनता को लड़वाकर सत्ता में बने रहने की चाल चल रही है।” पुतला दहन कार्यक्रम में डॉ प्रमोद ओझा, डॉ सत्येंद्र ओझा,वीरेंद्र राम, संजय पांडेय, महिमा उपाध्याय, पंकज उपाध्याय, निर्मला देवी, पुष्पा वर्मा, राजा रमन पांडेय, कुमकुम देवी, संजय कुमार दुबे, रुनी देवी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।