श्रद्धा और विश्वास का दिव्य मिलन है शिव-पार्वती का विवाह: रामानुज त्यागी

0
34

नव दिवसीय शतचंडी महायज्ञ में कठोर तपस्या और समर्पण की कथा सुन भावुक हुए श्रद्धालु                                      बक्सर खबर। शहर के स्टेशन रोड स्थित गजाधर गंज में आयोजित नव दिवसीय शतचंडी महायज्ञ के अंतर्गत चल रही श्रीमद्भागवत कथा में सोमवार को शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा वाचक व्यास रामानुज त्यागी जी महाराज ने अपने ओजस्वी वाणी और मार्मिक प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। श्री त्यागी जी महाराज ने शिव-पार्वती विवाह को श्रद्धा और विश्वास के दिव्य मिलन का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह प्रसंग केवल एक धार्मिक कथा नहीं, बल्कि जीवन के गहरे आध्यात्मिक सत्य को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि माता पार्वती की कठोर तपस्या और अटूट विश्वास यह सिखाता है कि सच्ची भक्ति और समर्पण से भगवान को भी प्राप्त किया जा सकता है। कथा के दौरान शिव बारात के अनोखे स्वरूप, भगवान शिव के विरक्त रूप और माता पार्वती के अटूट संकल्प का सजीव चित्रण किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। यज्ञ स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण का लाभ उठा रहे हैं। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। कार्यक्रम के अंत में आरती और प्रसाद वितरण के साथ दिन की कथा का समापन हुआ। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here