छह माह में तीसरी बार हाजत से कैदी फरार, अब तक किसी पुलिसकर्मी पर नहीं गिरी गाज बक्सर खबर। नगर थाना की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में है। सोमवार की सुबह नगर थाना की हाजत से एक युवक दीवार फांदकर फरार हो गया। फरार युवक की पहचान शहर के खलासी मोहल्ला निवासी फरहान के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गया है और फरार युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरहान का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच नजदीकियां इस कदर बढ़ीं कि युवक घर छोड़कर युवती के साथ फरार हो गया। मामले में युवती के परिजनों ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद नगर थाना पुलिस ने दोनों को पंजाब के लुधियाना से बरामद कर रविवार की शाम बक्सर लाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवती को परिजनों के हवाले कर दिया गया, जबकि फरहान को नगर थाना की हाजत में बंद किया गया था। सोमवार की सुबह उसने पुलिस को चकमा देते हुए हाजत से फरार हो गया। जैसे ही घटना की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को मिली, थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
गौरतलब है कि नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के कार्यकाल में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी थाना हाजत से दो आरोपी फरार हो चुके हैं। पहली घटना 5 जून की है, जब कुर्बान अंसारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी करीब एक महीने बाद 8 जुलाई को हुई। वहीं दूसरी घटना में मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक युवक शौचालय जाने का बहाना बनाकर हाजत से फरार हो गया था। इन दोनों मामलों की जांच अब भी पुलिस फाइलों में दबी हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक इन फरारियों के मामलों में किसी भी पुलिसकर्मी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में छह माह के भीतर तीसरी बार हाजत से आरोपी का भागना, थाना के अंदरूनी सुरक्षा और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना यह है कि फरार आशिक को पुलिस कितनी जल्दी पकड़ पाती है और क्या इस बार लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई होती है या फिर मामला फाइलों में ही सिमट कर रह जाएगा।






























































































