मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था सख्त, कई मार्गों पर प्रतिबंध

0
601

25 मार्च को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगा विशेष रूट प्लान, चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही लगेंगे वाहन                                           बक्सर खबर। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार 25 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर शहर में व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। इस दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करते हुए कई स्थानों पर वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 मार्च को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक न्यू सदर अस्पताल मोड़, हवाई अड्डा मोड़, मठिया मोड़, आईटीआई मोड़, सेंट्रल जेल मोड़, नाथ बाबा पुल एवं थाना चौक सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। वहीं ज्योति प्रकाश चौक, रामरेखा घाट, डीएवी मोड़ एवं आईटीआई मोड़ जैसे स्थानों पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा। यात्रा के दौरान वाहनों के लिए प्रशासन द्वारा विशेष पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। बाजार समिति परिसर एवं रेलवे स्टेशन गोदाम के पास सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहन सुव्यवस्थित ढंग से लगाए जाएंगे। वहीं आईटीआई मैदान गेट, किला मैदान के पीछे, डीआरसीसी परिसर एवं एमपी उच्च विद्यालय में केवल सरकारी वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सिंडिकेट के पास चार पहिया, टेम्पो एवं मोटरसाइकिल के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा एवं मोटरसाइकिल के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। ये वाहन गोलंबर, सिंडिकेट, बाईपास बस स्टैंड, ज्योति प्रकाश चौक, अंबेडकर चौक, स्टेशन, इटाढ़ी गुमटी, यमुना चौक, ठठेरी बाजार, पीपी रोड, मुनीम चौक, मठिया पुल एवं डीटीओ कार्यालय होते हुए संचालित होंगे। सभा में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है। ये वाहन गोलंबर, सिंडिकेट, ज्योति प्रकाश चौक, अंबेडकर चौक होते हुए बाजार समिति स्थित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे। इसके अलावा चौसा, मठिया मोड़, आईटीआई मोड़, डीएवी मोड़ एवं इटाढ़ी-पांडेय पट्टी गुमटी मार्ग से आने वाले वाहनों को भी बाजार समिति पार्किंग में ही लगाया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रोगी, एम्बुलेंस एवं अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी जाएगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपने साथ टिकट रखना अनिवार्य होगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का उपयोग न करें। छठ व्रतियों को विशेष राहत देते हुए उनकी गाड़ियों को सुबह 8 बजे तक एमपी हाई स्कूल एवं एमवी कॉलेज मार्ग से निकलने की अनुमति दी गई है। इसके अतिरिक्त 24 मार्च की रात 8 बजे से 25 मार्च की रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित नियमों का पालन कर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here