आंगनवाड़ी सेविकाओं ने पहले मतदान, फिर जलपान का दिया संदेश

0
41

रंगोली, गोद भराई और शपथ के जरिए मतदाताओं को किया जागरूक, 75% मतदान लक्ष्य पूरा करने की मुहिम तेज                                                                        बक्सर खबर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता की गतिविधियां जोरों पर हैं। मंगलवार को जिले के चक्की, डुमरांव और राजपुर प्रखंड में आंगनवाड़ी सेविकाओं ने स्वीप कार्यक्रम के तहत एक अनोखी पहल की। पोषण माह के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में गोद भराई संस्कार, रंगोली प्रतियोगिता और मतदाता शपथ के जरिये लोगों को लोकतंत्र के पर्व मतदान के महत्व से जोड़ा गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण समुदाय की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। रंगोली के माध्यम से सेविकाओं ने लोकतंत्र का पर्व, मतदान हमारा धर्म का सुंदर संदेश दिया। वहीं, गोद भराई संस्कार के जरिये मातृशक्ति को मतदान की अहमियत बताई गई।

इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने शपथ ली कि वे स्वयं मतदान करेंगे, अपने परिवार के हर योग्य सदस्य को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे और मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा योगदान मतदान है। इस बार जिले में 75% मतदान प्रतिशत का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रशासन, आंगनवाड़ी सेविकाएं, जीविका दीदियां, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और नागरिक मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पहले मतदान, फिर जलपान का संदेश घर-घर तक पहुंचना चाहिए। हर मतदाता को यह जिम्मेदारी निभानी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here