नई दिल्ली में आयोजित समारोह में डॉ. देवकरन ने ग्रहण किया सम्मान बक्सर खबर। कृषि के क्षेत्र में बक्सर जिले ने एक और उपलब्धि अपने नाम की है। जिले के कृषि विज्ञान केन्द्र को कृषि विस्तार में उत्कृष्ट कार्य के लिए “नास-धनुका सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केन्द्र अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पटना जोन-4 के अंतर्गत मिला है, जिसमें बिहार और झारखंड के कुल 68 केवीके शामिल हैं। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी में गुरुवार को आयोजित 32वीं निकाय बैठक एवं स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर प्रदान किया गया। इस मौके पर केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. देवकरन ने मंच पर उपस्थित होकर यह पुरस्कार प्राप्त किया।
डॉ. देवकरन ने पुरस्कार पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि “यह सम्मान जिले के किसानों के साथ हमारी टीम के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों की निरंतर मेहनत का नतीजा है। हमने कृषि तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने, बीज प्रतिस्थापन दर बढ़ाने, लागत घटाने, और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने में लगातार प्रयास किए हैं।” उन्होंने आगे बताया कि धान, गेहूं, चना, मसूर और सरसों जैसी मुख्य फसलों पर किए गए प्रयोग, किसानों को प्रशिक्षण देना, स्वयं सहायता समूह, एफपीओ, और युवाओं को कृषि आधारित उद्यमों की ओर प्रेरित करना इस उपलब्धि का आधार बना।
स्थानीय लालगंज में केवीके साल 2007 में स्थापित किया गया था और यह भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना और अटारी के मार्गदर्शन में कार्य कर रहा है। यह बिहार में आईसीएआर के अधीन स्थापित एकमात्र केवीके है। सम्मान समारोह में कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग भारत सरकार के पूर्व सचिव डॉ. हिमांशु पाठक और धनुका ग्रुप के अध्यक्ष आरजी अग्रवाल समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे।