मतदान की प्रशासनिक तैयारियां मुकम्मल,136 बूथों पर 103836 मतदाता देंगे वोट

0
149

–12147 मतदाता मोबाइल एप से करेंगे मतदान, डीएम-एसडीएम और पुलिस पदाधिकारियों ने संभाली कमान                                                                 बक्सर खबर। नगरपालिका उपचुनाव बक्सर में इस बार इतिहास रचने जा रहा है। 28 जून यानी कल होने वाले इस चुनाव में पहली बार ई-वोटिंग एप के जरिए मतदाता अपने घर से ही वोट डालेंगे। कुल 1,15,983 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें से 12147 मतदाता मोबाइल एप के जरिए सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक घर बैठे मतदान करेंगे। यह देश में पहली बार है जब किसी नगरपालिका उपचुनाव में ई-वोटिंग की सुविधा दी गई है। कुल 12148 मतदाताओं ने ई-वोटिंग के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से एक का आवेदन रिजेक्ट हो गया। वहीं शेष 1,03,836 मतदाता पारंपरिक तरीके से मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट देंगे।

28 जून को मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना 30 जून को की जाएगी। इसके लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को मतदान की तैयारियों को लेकर प्रभारी जिलाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने बाजार समिति में ब्रीफिंग की। इसमें पीसीसीपी, जोनल, सुपर जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। नगर परिषद बक्सर के आंकड़े इस प्रकार हैं: कुल वार्ड: 42 मतदान केंद्र: 136 पीसीसीपी (गश्ती दल): 48 सेक्टर: 42 जोनल दंडाधिकारी: 04 सुपर जोनल दंडाधिकारी: 02 वरीय दंडाधिकारी: 01

बाजार समिति से ईवीएम लेते मतदान कर्मी

गश्ती-सह-ईवीएम संग्रहण दलों को निर्देश दिया गया है कि मतदान प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पूर्व ही ईवीएम व संबंधित दस्तावेज पीठासीन पदाधिकारी को सौंप दें। मतदान पश्चात ईवीएम को सुरक्षित स्टॉन्ग रूम तक पहुंचाना सुनिश्चित करना होगा। सभी सेक्टर दंडाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सुबह 5 बजे तक अपने क्षेत्र में पहुंचकर गश्ती शुरू करें। आदर्श आचार संहिता के पालन पर सख्ती बरती जाएगी।जोनल व सुपर जोनल अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे और किसी भी आकस्मिक स्थिति की रिपोर्ट जिला नियंत्रण कक्ष को देंगे। जिला नियंत्रण कक्ष संपर्क: 06183-223333

चुनाव पूर्व बाजार समिति में संयुक्त ब्रिफिंग को संबोधित करते अधिकारी

गुरुवार शाम 5 बजे प्रचार थम गया। अंतिम दिन प्रत्याशियों ने अपने-अपने तरीकों से मतदाताओं को रिझाने में पूरी ताकत झोंक दी। डोर टू डोर संपर्क से लेकर हैंडबिल वितरण और विकास के दावे किए गए। उपमुख्य पार्षद पद के लिए मैदान में अंजलि देवी, कुलसुम खातून, बेबी देवी, मनीषा चौधरी, संजू देवी, सोनी देवी कुल छह उम्मीदवार हैं वहीं  वार्ड 20 पार्षद पद के लिए किरण देवी, सपना देवी और हिना परवीन भाग्य आजमा रही है। इन नौ प्रत्याशियों का फैसला 1,15,983 वोटर करेंगे। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here