-प्रतिभावान विमल कुमार सिंह की हो रही प्रशंसा
बक्सर खबर। नई दिल्ली में आयोजित विश्व पुस्तक मेला में शिक्षक विमल कुमार सिंह ने काव्य पाठ कर जिले का मान बढ़ाया है। भारत मण्डमप में आयोजित विश्व पुस्तक मेला में वाणी प्रकाशन के द्वारा काव्य पाठ का मंच प्रदान किया जाता है। इसमें कविता पाठ के लिए देश भर के युवा कवियों से उनकी रचनाओं को मांगा जाता है और उसी के आधार पर शॉर्टलिस्ट कर उन्हें कविता पाठ का अवसर प्रदान किया जाता है। +2 उच्च विद्यालय लाखन डिहरा में हिंदी के शिक्षक विमल कुमार सिंह मूल रूप से भदार के रहने वाले हैं और साहित्य के अध्येता है। 14 जनवरी को विश्व पुस्तक मेला के इन्होंने अपनी चार रचनाएं कवि और किसान, खानाबदोश, खोकर तुझे एक दिन और कुत्ते की मौत का पाठ किया।
इस अवसर पर वाणी प्रकाशन के प्रबंध निदेशक अरुण माहेश्वरी और हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित कवि व इग्नू के कुलसचिव डॉ जितेंद्र श्रीवास्तव ने इनकी बेहतरीन रचनाओं के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि ये रचनाएं मानवीय संवेदना से ओत–प्रोत हैं। इस गौरवमयी क्षण के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद, युवा नेता रामजी सिंह, शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चंदन द्विवेदी , बक्सर पत्रकार संघ के अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय व जिले के विभिन्न शिक्षकों ने शुभकामना प्रदान की हैं।






























































































