लंबी बीमारी के बाद पटना में ली अंतिम सांस, आज चरित्रवन श्मशान घाट पर होगा अंतिम संस्कार बक्सर खबर। बक्सर संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद तेज नारायण सिंह की धर्मपत्नी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका पन्ना देवी का गुरुवार की रात 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पन्ना देवी प्राथमिक मध्य विद्यालय धरमपुरा से वर्ष 2008 में प्रधानाध्यापिका पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पारिवारिक जीवन व्यतीत कर रही थीं। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी, जिसके बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां लगभग 15 दिनों तक इलाज के दौरान गुरुवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली।शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे उनका पार्थिव शरीर शहर के बंगला घाट स्थित आवास पर लाया गया। इसके बाद से लगातार जिले के सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक सहयोगी, शुभचिंतक और पारिवारिक जन पूर्व सांसद तेज नारायण सिंह के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं।
पन्ना देवी अपने पीछे तीन पुत्रियां और दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। सभी पुत्र-पुत्रियों का विवाह हो चुका है। बड़े पुत्र संजय सिंह पेशे से चिकित्सक हैं, जबकि छोटे पुत्र आलोक सिंह इंजीनियर हैं। परिजनों के अनुसार अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं और शहर के चरित्रवन स्थित श्मशान घाट पर उन्हें मुखाग्नि दी जाएगी। शोक व्यक्त करने वालों में कामरेड सलाउद्दीन अंसारी, शाहिद जमाल, अवधेश पांडेय, कन्हैया पाठक, माधव चंद्र श्रीवास्तव, दीपक यादव, चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, ओम जी यादव, अशोक शर्मा सहित अन्य कई गणमान्य लोग शामिल हैं। सभी ने दिवंगत आत्मा को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।































































































