राजद किसान प्रकोष्ठ का एकदिवसीय धरना, मंडी कानून बहाली और धान के उचित मूल्य की मांग बक्सर खबर। राष्ट्रीय जनता दल किसान प्रकोष्ठ की ओर से सोमवार को स्टेशन रोड स्थित अंबेडकर चौक के समीप एकदिवसीय धरना का आयोजन किया गया। धरने की अध्यक्षता राजद किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बब्लू यादव ने की, जबकि संचालन देवेंद्र सिंह ने किया। धरना में बड़ी संख्या में किसान एवं राजद कार्यकर्ता शामिल हुए। धरने को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह ने केंद्र और बिहार सरकार पर किसान विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। सांसद ने कहा कि अन्य राज्यों में धान अधिप्राप्ति की कीमत अधिक रखी गई है, जबकि बिहार में कम कीमत तय कर किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है, जिससे सरकार की मंशा साफ झलकती है। सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मंडी कानून को रद्द किए जाने को किसानों के हितों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि मंडी कानून लागू रहने से किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलती और उन्हें उचित मूल्य प्राप्त होता। कानून समाप्त होने से किसान बिचौलियों के चंगुल में फंस गए हैं और उनकी हकमारी हो रही है।
सांसद ने डीजल और खाद की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इसे नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं कर रही है। वहीं खाद के दामों में निरंतर बढ़ोतरी से किसान बुरी तरह परेशान हैं। इस मौके पर किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बब्लू यादव ने भी केंद्र एवं बिहार सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन आज देश का किसान त्रस्त और बदहाल है। धरना में राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता गणपति मंडल, पूर्व जिलाध्यक्ष भरत यादव, संतोष भारती, निर्मल सिंह कुशवाहा, अनिल सिंह, लालबाबू यादव, जुल्फकार खान, सुधीर गुप्ता, दीपक यादव, पूजा कुमारी, अधिवक्ता रंजना यादव, धनपत चौधरी, सरफराज सैफी, रामाशंकर सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और मौजूद थे।



























































































