—-जिले की चारों सीटें पुनः महागठबंधन के खाते में जाएंगी बक्सर खबर। बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरीय नेता टीएन चौबे ने बुधवार को भाजपा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ का चुनाव प्रचार बिहार में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ है। बक्सर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में भाजपा के खिलाफ माहौल बन चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, योगी जी अपने ही प्रदेश को संभाल नहीं पा रहे हैं और बिहार में चुनाव प्रचार करने चले आए हैं। इनका पूरा राजनीतिक एजेंडा जाति और मजहब के नाम पर लोगों को बांटने का है। गेरुआ वस्त्र ओढ़े हुए ये ढोंगी योगी बाबा हैं, जिनका असली चेहरा जनता अब पहचान चुकी है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बक्सर जिले की चारों विधानसभा सीटें महागठबंधन के खाते में जाएंगी। इस बार जनता ने मन बना लिया है, अब भाजपा को कोई भी चमत्कार नहीं बचा सकता। पूर्व आईपीएस और भाजपा प्रत्याशी आनंद मिश्र पर भी चौबे ने तीखा प्रहार किया। बोले, अभी भी आनंद मिश्र का लिवास और गेटअप आईपीएस जैसा ही है। जब नौकरी में रहते हुए जनता की सेवा नहीं कर सके, तो अब राजनीति में हाथ-पैर मार रहे हैं। बक्सर की जनता उन्हें अच्छी तरह पहचान चुकी है। अब तो सवाल सिर्फ जमानत बचाने का है। बिहार में इस बार महागठबंधन की सरकार बनना तय है।

































































































