क्विज प्रतियोगिता संपन्न, छात्रों में दिखा ज्ञान और उत्साह का संगम

0
15

ऐसी स्पर्धाओं से निखरती है प्रतिभा : प्रोफेसर डॉ. केके सिंह                                                                        बक्सर खबर। शहर के महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को आयोजित पूर्व निर्धारित क्विज प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। महाविद्यालय परिसर के मानस भवन के प्रथम तल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों और सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता और प्रतियोगी भावना का विकास करना रहा। कार्यक्रम वीक्षकों की निगरानी में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान डॉ. अरविंद कुमार वर्मा, डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी, डॉ. नवीन शंकर पाठक, डॉ. प्रियरंजन चौबे, डॉ. निशांत कुमार एवं सुमित कुमार ने अनुशासन और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा।

प्रतियोगिता में छात्रों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ भाग लिया, जिससे परिसर में एक ज्ञानवर्धक और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. कृष्णा कान्त सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि ऐसी शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। वहीं आयोजनकर्ता सहायक प्राध्यापक डॉ. अरविंद वर्मा ने कहा कि क्विज प्रतियोगिता छात्रों के ज्ञान को परखने और उसे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है, जिससे उनमें अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ती है। सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रिय रंजन ने भी इस तरह के आयोजनों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणादायक बताया। डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को कार्यक्रम की सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार ने स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग की सराहना की तथा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here