300 फीट तक बिखरे शव के टुकड़े, एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रख ट्रैक पर चल रहे थे मजदूर बक्सर खबर। दानापुर रेल मंडल के गहमर और बारा रेलवे स्टेशन के बीच रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, चौसा थर्मल पावर प्लांट में कार्यरत तीन मजदूरों की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि तीनों के शव के टुकड़े करीब 300 फीट की दूरी तक रेलवे ट्रैक के दोनों ओर बिखर गए। घटना की सूचना गहमर रेलवे स्टेशन के उप स्टेशन मास्टर द्वारा मेमो के जरिए पुलिस को दी गई। बताया गया कि ट्रेन संख्या 19321 इंदौर-पटना एक्सप्रेस डाउन ट्रैक पर तीन व्यक्तियों को रनओवर कर गई है। सूचना मिलते ही गहमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरीय अधिकारियों के साथ फील्ड यूनिट को अवगत कराया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शवों के अवशेषों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। शवों की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान में कठिनाई हो रही थी, लेकिन सोमवार शाम परिजनों के पहुंचने के बाद तीनों मृतकों की पहचान हो सकी।
मृतकों की पहचान 33 वर्षीय जयनाथ सहनी पुत्र विपत सहनी, निवासी केरमा डीह तुर्की, थाना कुड़नी, जिला मुजफ्फरपुर, 33 वर्षीय पप्पू कुमार पुत्र अकलू राय, निवासी किशुनपुर टेलोर, थाना कटहरा, जिला वैशाली तथा 38 वर्षीय गुलचंद कुमार पुत्र मुनेश्वर राम, निवासी किशुनपुर मधुबन, थाना कुड़नी, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि तीनों मजदूर एल एंड टी के तहत चौसा थर्मल पावर प्लांट में पिछले एक वर्ष से दैनिक मजदूरी पर कार्यरत थे। जमानिया के अंचल अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में ट्रेन के लोको पायलट विकास कुमार से बातचीत की गई। लोको पायलट ने कहा कि तीनों व्यक्ति एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर डाउन लाइन पर चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही इंदौर-पटना एक्सप्रेस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। चालक द्वारा कई बार हॉर्न बजाने के बावजूद वे ट्रैक से नहीं हटे। तेज गति के कारण ट्रेन को तत्काल रोक पाना संभव नहीं हो सका। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।































































































