सड़क पर बहा ट्रांसफार्मर का तेल, घरों में मचा पानी के लिए हाहाकार बक्सर खबर। शहर के पीपी रोड स्थित चर्च के समीप शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। प्याज से लदी एक ट्रक ने सड़क के बीच बने डिवाइडर पर लगे ट्रांसफार्मर के पोल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रांसफार्मर के दोनों पोल मौके पर ही धराशायी हो गए और ट्रांसफार्मर धड़ाम से सड़क के बीचो-बीच गिर पड़ा। स्थानीय निवासी डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने बताया कि घटना सुबह करीब 5:15 बजे की है। ट्रक वीर कुंवर सिंह चौक से भगत सिंह पार्क की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रांसफार्मर के पोल से जा टकराया। ट्रक का नंबर यूपी 70 जीटी 9494 बताया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। ट्रांसफार्मर गिरने से नालबंद टोली, पीपी रोड सहित आसपास के इलाकों में अंधेरा छा गया।
सुबह के समय बिजली गुल होने से लोगों को पेयजल की समस्या का भी सामना करना पड़ा, क्योंकि अधिकतर घरों में पानी की आपूर्ति मोटर पर निर्भर है। टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर में भरा तेल सड़क पर बहने लगा। इस दौरान कुछ लोग डालडा के डिब्बे और प्लास्टिक की बोतलों में तेल भरकर ले जाते भी देखे गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। मामले की जांच की जा रही है। वहीं सुबह करीब 8:30 बजे बिजली विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क पर गिरे तारों व ट्रांसफार्मर को हटाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों की निगाहें अब बिजली विभाग पर टिकी हैं कि कब तक आपूर्ति बहाल की जाती है। फिलहाल क्षेत्र में बिजली ठप रहने से जनजीवन प्रभावित है।






























































































