मूर्ति विसर्जन में गया युवक का शव कुएं से बरामद

0
0

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, जांच में जुटी पुलिस                                                                    बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा स्थित विश्वकर्मा मंदिर के समीप गुरुवार सुबह एक कुएं से 42 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नरबतपुर गांव निवासी खोभारी राम के पुत्र संजय राम के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम से लापता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह एक पत्थर विक्रेता जब मंदिर के पास स्थित कुएं के समीप पहुंचा तो उसकी नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। शव दिखते ही उसने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही अपर थाना प्रभारी चंदन कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पुराना सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि बुधवार शाम क्षेत्र में रविदास प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकाला गया था, जिसमें संजय राम भी शामिल थे। अपर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने पत्रकारों को बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश कुएं में गिरने का प्रतीत होता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। संजय राम अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here