कंटेनर में टॉयलेट क्लीनर के कार्टन में छिपाकर की जा रही थी तस्करी बक्सर खबर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 108 पेटी विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह शहर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर तैनात इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। जांच के क्रम में कंटेनर के अंदर टॉयलेट क्लीनर के कार्टन में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद की गई। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि जब्त कंटेनर (नंबर डीएल 1 एमबी 5409) से कुल 98 पेटी विदेशी व्हिस्की बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 852.560 लीटर है। इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के करौदी कला गांव निवासी सद्दाम हुसैन 33 वर्ष के रूप में हुई है। उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई सोमवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा चौक चेक पोस्ट पर की गई। उत्पाद एएसआई सृष्टि कुमारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर बीआर 01 एचआर 6589) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 09 पेटी विदेशी शराब और एक पेटी बीयर बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 89.760 लीटर बताई गई है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान वैशाली जिले के अलीपुर गांव निवासी रमाशंकर राम 44 वर्ष और फुलवरिया गांव निवासी जितेंद्र कुमार 39 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि जब्त कंटेनर हरियाणा से पटना के दनियावा ले जाया जा रहा था। विभाग द्वारा आगे की जांच जारी है।
































































































