बक्सर खबर : चिलहरी गांव में तीन दिन पहले तेजनरायण राय को गोली मारी गई थी। घायल के बयान के आधार पर पंचायत की मुखिया बबिता देवी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। इस आरोप में मध्य विद्यालय के शिक्षक रजनीश राय को भी जेल हो गई है। नया भोजपुर ओपी की पुलिस ने बताया इन दोनों का नाम हत्या के प्रयास से जुड़े मुकदमें में आया है। तेजनरायण राय के पुत्र म़ृत्युंजय राय की हत्या हो चुकी है। इस लिए पुलिस मामले में थोड़ी भी लापरवाही बरतना नहीं चाहती।
क्योंकि इससे पहले भी तेज नरायण राय अपने उपर हुए हमले की प्राथमिकी एक बार दर्ज करा चुके हैं। इस बार तो गोली उनके पेट में लगी है। इस लिए पुलिस फूंक-फूंक के कदम रख रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है तेजनरायण राय महिला मुखिया को नाहक इस घटना में घसीट रहे हैं। उनके अदावत बहुत लोगों से है। किसने उनके साथ क्या किया। इसका पता लगाए बगैर पुलिस ने एक महिला मुखिया को जेल भेज दिया। यह उचित नहीं है।































































































