कृषि विज्ञान केन्द्र में कृषि सखियों का प्रशिक्षण

0
68

प्राकृतिक खेती को लेकर पांच दिवसीय आवासीय कार्यक्रम की शुरुआत                                              बक्सर खबर। स्थानीय कृषि विज्ञान केन्द्र में बुधवार से कृषि सखियों के लिए प्राकृतिक खेती पर पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यह प्रशिक्षण 28 सितंबर तक चलेगा, जिसमें बक्सर, चौसा, ब्रह्मपुर, सिमरी और इटाढ़ी प्रखंडों से चयनित 18 कृषि सखियां हिस्सा ले रही हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन भा.कृ.अनु.प. पूर्वी अनुसंधान परिसर पटना के प्रधान वैज्ञानिक सह विभागाध्यक्ष डॉ. उज्ज्वल कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार और केवीके के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. देवकरन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्वागत भाषण में डॉ. देवकरन ने बताया कि जिले के सोनवर्षा, दल सागर, पवनी, निमेज, ब्रह्मपुर, राजपुर परसरपाह, दुलहपुर, हकीमपुर और इंदौर में किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए कृषि सखियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

मुख्य अतिथि डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कहा कि प्राकृतिक खेती मानव जीवन का आधार है, जो खेती को प्रकृति से जोड़ती है। इससे मिट्टी में सूक्ष्म जीवाणु, केंचुआ और मृदा जीव पनपते हैं। उन्होंने इस अभियान को मिशन मोड में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। जिला कृषि पदाधिकारी धमेन्द्र कुमार ने कहा कि विभाग किसानों के हित में हमेशा तत्पर है। क्लस्टर निर्माण से लेकर प्राकृतिक खेती लागू करने तक हर स्तर पर मदद उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण निदेशक हरिगोबिन्द ने बताया कि कार्यक्रम में 14 सैद्धांतिक, दो प्रायोगिक और तीन समूह चर्चा सत्र होंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नीमास्त्र, जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत आदि बनाने और प्रयोग करने की जानकारी दी जाएगी।

फोटो – पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल कृषि सखियां

साथ ही प्रगतिशील किसानों के खेतों पर बने प्राकृतिक खेती मॉडल का भ्रमण भी कराया जाएगा। विशेषज्ञ डॉ. रामकेवल ने प्राकृतिक खेती की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसके महत्व को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान संजय पाठक, कमलेश पाण्डेय, जयप्रकाश सिंह और अशोक पोद्दार ने अपने अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण संचालन में आरीफ प्रवेज, रवि चटर्जी, राकेश मणि, राजेश कुमार राय, सरफराज अहमद खान और मुकेश कुमार ने सहयोग दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here