—श्रीनगर में संपन्न हुई 69वीं राष्ट्रीय स्कूल वुशू प्रतियोगिता बक्सर खबर। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्टेडियम में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल वुशू खेल प्रतियोगिता अंडर-17 में देशभर से लगभग 800 बालक और बालिकाओं ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में बिहार की टीम के 16 खिलाड़ी, दो प्रशिक्षक और एक दल प्रभारी शामिल हुए। बिहार दल की ओर से चार पदक राज्य के नाम दर्ज हुए, जिनमें से एक पदक बक्सर जिले के हिस्से में आया। जिले के रघुनाथपुर प्रखंड के रहथुआ गांव निवासी रुस्तम सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
रुस्तम सिंह के पिता विजय शंकर सिंह और माता रेनू देवी हैं। खास बात यह है कि रुस्तम सिंह ने इससे पहले भी वर्ष 2023 में रांची में हुई राष्ट्रीय वुशू स्कूल खेल प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। दल प्रशिक्षक के रूप में अमीषा कुमारी और दल प्रभारी के रूप में दिलीप कुमार ने बिहार टीम का नेतृत्व किया। रुस्तम की सफलता पर बक्सर वुशू संघ के महासचिव मुकेश कुमार, संघ अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार सिंह सहित संघ के सभी सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपनी जीत पर रुस्तम सिंह ने कहा कि यह पदक उनके माता-पिता और कोच के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी मेहनत जारी रखेंगे ताकि देश के लिए स्वर्ण पदक जीत सकें।































































































