अलग-अलग घटनाओं में युवती समेत तीन की मौत

0
0

कहीं पोखरे में डूबी जिंदगी, तो कहीं नहर और सड़क हादसे ने छीनीं सांसें                                                           बक्सर खबर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन दर्दनाक हादसों में एक युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। तीनों घटनाओं के बाद संबंधित गांवों और मोहल्लों में मातम का माहौल है। पहली घटना ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र की है। ब्रह्मपुर निवासी द्वारिका राम की पुत्री नेहा कुमारी गुरुवार को शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थी। पूजा के दौरान वह मंदिर के बगल में स्थित पोखरा के पास किसी कार्य से गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरी और डूब गई। आसपास मौजूद लोगों ने जब युवती को पानी में डूबते देखा तो उसे बचाने के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

दूसरी घटना बासुदेवा थाना क्षेत्र के मौनिया बाबा–केसठ नहर मार्ग पर हुई। नावानगर थाना क्षेत्र के कतिकनार गांव निवासी स्व. त्रिलोकी सिंह के पुत्र संजय सिंह कोका-कोला कंपनी से काम खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। गोविंदपुर गांव के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पानी भरी नहर में पलट गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।  तीसरी घटना एनएच-922 पर प्रताप सागर के समीप पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक का कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह दब गया और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।घायल चालक को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन वाराणसी ले जाने के क्रम में उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। तीनों मामलों में पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। संबंधित थानों द्वारा हादसों के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here