एनएच 922 पर रामगढ़ के समीप बाइक और साइकिल की टक्कर, गांव में मातम बक्सर खबर। फोरलेन पर सोमवार की देर रात ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ के पास बाइक और साइकिल की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, गरहथा कला निवासी 51 वर्षीय लाल मोहर बिंद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गरहथा खुर्द निवासी भोला पासवान अपने साथी भगत राम के साथ बाइक से गांव की ओर जा रहे थे। अचानक दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार लाल मोहर बिंद और बाइक चालक भोला पासवान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे 35 वर्षीय भगत राम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल भगत राम को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष बृजेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है।