हिरोईन तस्करी के दो मामलों में पांच गिरफ्तार, करोड़ों की खेप बरामद

0
3316

डुमरांव और कोरान सराय में छापेमारी, पति-पत्नी समेत धंधेबाज पुलिस की पकड़ में                                     बक्सर खबर। बिहार में शराबबंदी और नशामुक्ति कानून के बावजूद नशे का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा। लेकिन पुलिस ने तस्करों की कमर तोड़ने के लिए लगातार अभियान तेज कर रखा है। इसी कड़ी में पुलिस ने जिले में दो अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर हिरोईन की बड़ी खेप बरामद की है और कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। डुमरांव थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला नाला पर रविवार को पुलिस ने छापामारी की। पुलिस को देखते ही लोग भागने लगे लेकिन बल की मदद से उमेश राय और उसके बेटे गोलु राय को पकड़ लिया गया। तलाशी में दोनों के पास से 73 पुड़िया हिरोईन (5.5 ग्राम) और 8,500 रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि यह सामान वे एकौनी के नारायण उपाध्याय से लाते हैं।

इसके बाद पुलिस टीम ने नारायण उपाध्याय के घर पर दबिश दी। भागने की कोशिश नाकाम होने के बाद जब घर की तलाशी ली गई तो 2.256 किलो हिरोईन, 108 ग्राम पाउडर, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो चाकू और 50 ग्राम हिरोईन कार से बरामद हुआ। नारायण और उसकी पत्नी कंचन देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। दंपती ने स्वीकार किया कि वे मिलकर इस धंधे को चला रहे थे। इसी दिन पुलिस को सूचना मिली कि केसठ नहर रोड के पास एक व्यक्ति हिरोईन लेकर आने वाला है। छापामारी के दौरान पिंटू यादव उर्फ विवेक यादव को पकड़ा गया। उसके बैग से 229.1 ग्राम हिरोईन, 100 रबर बैंड और 4 लाख 30 हजार रुपये नगद बरामद हुए। नकदी के बारे में उसने कबूल किया कि यह हिरोईन बिक्री से कमाया गया पैसा है। उक्त मामलों की जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता में दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here