मशाल खेल प्रतियोगिता में 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

0
75

विद्यालय स्तर पर उमड़ा उत्साह, अब प्रखंड और जिला स्तर पर मचेगा धमाल                                            बक्सर खबर। जिले में शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मशाल प्रतियोगिता का विद्यालय स्तर पर भव्य आयोजन हुआ। पूरे जिले के विद्यालयों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों और विद्यालय प्रशासन ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया। एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और साइकिलिंग जैसी पांच अलग-अलग खेल विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शिक्षा विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, रविवार को डुमरांव प्रखंड के 70 विद्यालयों से 2495, इटाढ़ी के 66 विद्यालयों से 2547, नवानगर के 62 विद्यालयों से 2523, राजपुर प्रखंड के 89 विद्यालयों से 2999, सिमरी के 69 विद्यालयों से 2995, ब्रह्मपुर प्रखंड के 65 विद्यालयों से 2792, बक्सर प्रखंड के 65 विद्यालयों से 3055, केसठ प्रखंड के 21 विद्यालयों से 430, चक्की प्रखंड के 17 विद्यालयों से 405, चौगाई प्रखंड के 20 विद्यालयों से 470 और चौसा प्रखंड के 34 विद्यालयों से 995 प्रतिभागियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। समाचार लिखे जाने तक कुल 21699 विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी छात्र

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा मोहम्मद शारिक अशरफ ने विद्यालय खेल समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए प्रभावी रणनीति बनाने का सुझाव दिया। संभाग प्रभारी डॉ तेज बहादुर सिंह ने विद्यालय प्रशासन और खेल शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की। शिक्षक डॉ मनीष कुमार शशि ने कहा कि मशाल खेल प्रतियोगिता विद्यार्थियों के अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानने में मील का पत्थर साबित होगी और इतिहास रचेगी।

मेडल और प्रशस्ति पत्र के साथ प्रतिभागी छात्र

इस विस्तृत कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने में प्रधानाध्यापकों, खेल शिक्षकों और कंप्यूटर जानकार शिक्षकों का सक्रिय योगदान रहा। जिला प्रशासन ने भी अपने मार्गदर्शन से शिक्षा विभाग को सहयोग प्रदान किया। शिक्षा विभाग ने विश्व की इस सबसे बड़ी प्रतियोगिता का प्रथम चरण विद्यालय स्तर पर सफलतापूर्वक आयोजित करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब इस प्रतियोगिता का द्वितीय चरण सीआरसी के बाद प्रखंड संसाधन केंद्र पर आयोजित किया जाएगा, जिसके पश्चात जिला स्तर पर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here