-पिडियां पर गंगा में डूबकी लगाने गई थी बेचारी
बक्सर खबर। ब्रह्मपुर नगर पंचायत की रहने वाली किशोरी नहाने के दौरान गंगा में डूब गई। सूचना मिलते ही चीख-पुकार मच गई। घर वाले उसकी तलाश के लिए परेशान हो मदद के लिए गुहार लगाने लगे। प्रशासनिक पहल पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। लेकिन, देर शाम तक उसका शव नहीं मिल पाया। सूचना के अनुसार ब्रह्मपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो की रहने वाली नंदिनी कुमारी पिता हरेराम महतो अपनी सहेलियों संग पिड़िया छुड़ाने शुक्रवार की सुबह नैनीजोर बिहार घाट गई थी। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई।
सहेलियों ने जब देखा तो वह मदद के लिए चिल्लाने लगीं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार, सीओ खुशबू खातून सदल-बल मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता किशोरी की तलाश शुरू करवा दिए। ग्रामीण सूत्रों ने बताया, किशोरी के पिता परदेश में नौकरी करते है। बेटी के गंगा में डूबने की सूचना मिलते ही वे गांव के लिए चल पड़े हैं। लोगों ने बताया नंदिनी तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी तथा काफी मेधावी थी। नैनीजोर थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता किशोरी की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि शनिवार को भी तलाश अभियान जारी रहेगा।


































































































