22 माह बाद प्रखंड को मिला नया नेतृत्व, दोनों निर्विरोध चुनी गईं बक्सर खबर। लगभग 22 महीने की लंबी प्रतीक्षा और कानूनी दांव–पेंच के बाद सिमरी प्रखंड को आखिरकार नया नेतृत्व मिल गया। बुधवार को डुमरांव अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार में शांतिपूर्ण माहौल में प्रखंड प्रमुख और उप प्रमुख का चुनाव संपन्न हुआ। किसी भी पद के लिए नामांकन नहीं आने पर सुशीला देवी को निर्विरोध प्रखंड प्रमुख और गायत्री देवी को निर्विरोध उप प्रमुख घोषित किया गया। घोषणा होते ही सभागार तालियों से गूंज उठा और समर्थकों के चेहरे खिल उठे। सिमरी प्रखंड में प्रमुख पद वर्ष 2024 में उस समय विवादों में आ गया था, जब तत्कालीन प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। मामला हाई कोर्ट पहुंचा और 5 अक्टूबर 2024 को चुनाव प्रक्रिया पर स्थगन लग गया था। करीब एक साल बाद कोर्ट से मिले नए आदेश के बाद चुनाव का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद जिला प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए 29 पंचायत समिति सदस्यों को विधिवत नोटिस तामील कराया।
एडीएम अरुण कुमार और एसडीएम राकेश कुमार की देखरेख में पूरे चुनाव की प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से पूरी हुई। सुशीला देवी प्रखंड राजनीति का जाना–पहचाना चेहरा हैं। वर्ष 2001 में उनके पति स्व. सत्यनारायण दुबे प्रमुख रहे, जबकि 2024 के उपचुनाव में सुशीला देवी खुद बड़ी जीत के साथ प्रमुख बनी थीं। अब 2025 में पंचायत समिति ने उन्हें एक बार फिर निर्विरोध चुनकर भरोसा जताया है। गायत्री देवी भी स्थानीय राजनीति में सक्रिय और स्वीकार्य चेहरा मानी जाती हैं। दोनों महिलाओं के निर्विरोध चुने जाने को प्रखंड में स्थिरता और सामंजस्य का सकारात्मक संकेत बताया जा रहा है। परिणाम आते ही बाहर समर्थकों ने दोनों का फूल-मालाओं और जयघोष के साथ स्वागत किया। मिठाइयां बांटी गईं और अबीर गुलाल लगाकर खुशी जताई गई।


































































































