बक्सर खबर। नगर के बुधनपुरवा इलाके में रहने वाला नथुनी यादव पुत्र स्व. शिवनाथ यादव कमजोर नहीं शातिर आदमी है। पिछले दिनों उसने अपनी जमीन कब्जा का आरोप प्रियव्रत दुबे और उनके पुत्र बबली दुबे पर लगाया था। नगर थाने की टीम ने तब तत्काल कार्रवाई करते हुए कई लोगों को पकड़ा था। असलहे बरामद किए गए। इस घटना के बाद नथुनी यादव चर्चा में आया था।
इस बीच बुधनपुरवा का एक और मामला सामने आया है। जिसमें पीडि़त ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। नथुनी यादव उनकी जमीन को जबरन कब्जा करना चाहता है। नगर थाने में यह आवेदन 17 मई को दिया गया है। शिकायत कर्ता का कहना है नथुनी उन्हें कई वर्षो से परेशान कर रहा है। पिछले सप्ताह उसके द्वारा हमारी जमीन पर गिट्टी-बालू गिराया गया है। मना करने पर वह धमकी दे रहा है। शिकायत के बाद अभी तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

लेकिन, कल तक पुलिस जिस नथुनी को कमजोर और दबंगों द्वारा सताया हुआ बता रही थी। अब वही जमीन कब्जा करने वाला बन गया है। शिकायत कर्ता दिनानाथ पांडेय पुत्र भदेश्वर पांडेय के अनुसार बुधनपुरवा में उनकी पांच कट्ठा जमीन है। जिसे उनके पिता ने रितानंद वर्मा से खरीदा था। वहां नथुनी ने विवाद कर दिया। जिसको लेकर न्यायालय में 1987 में ही वाद दायर किया गया। मुंसफ कोर्ट ने 2015 में यह आदेश दिया। जमीन पर यथा स्थिति कायम रहेगी। बावजूद इसके वह कब्जा करने की योजना बना रहा है। शिकायत कर्ता धनसोई थाना के भरखरा गांव के निवासी हैं।


































































































