राइस मिल में काम कर रहे पिता को मिली मासूम बेटे की मौत की खबर, गांव में शोक की लहर बक्सर खबर। धनसोई थाना क्षेत्र के मटकीपुर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। घर के पीछे खेल रहा एक 6 साल का मासूम अचानक पुआल के ढेर में लगी आग की चपेट में आ गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन बना हुआ है। मृतक की पहचान राजकुमार साह के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्य अपने साथियों के साथ घर के पीछे खेल रहा था। वहीं पास में रखे पुआल के ढेर में अचानक आग लग गई।
जब तक कोई कुछ समझ पाता, आदित्य अनियंत्रित होकर धधकती आग के बीच जा गिरा। आग इतनी तेज थी कि मासूम को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बच्चे के दादा गोरख साह ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे, तो नजारा खौफनाक था। परिजनों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह जलते पुआल से आदित्य को बाहर निकाला और आनन-फानन में सदर अस्पताल ले गए। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के वक्त आदित्य के पिता राजकुमार साह एक राइस मिल में काम करने गए थे। घर का बड़ा चिराग बुझने की खबर मिलते ही वे बदहवास होकर पहुंचे। दो भाइयों में सबसे बड़े आदित्य की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
































































































