फोरलेन पार करते ही तेज रफ्तार टेलर ने ली मजदूर की जान

0
1

नावाडेरा में हादसा, चालक फरार, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़                                                                      बक्सर खबर। नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एनएच–922 पर नावाडेरा गांव के पास बुधवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फोरलेन क्रॉस कर रहे एक साइकिल सवार को तेज रफ्तार टेलर ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुटी है। मृतक की पहचान पुराना भोजपुर निवासी रामजी प्रसाद, पिता स्व. केशरी चौरसिया के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामजी हर दिन की तरह सुबह करीब 7.30 बजे साइकिल से नावाडेरा से दूध लाने जा रहे थे। जैसे ही वे गांव की पुरानी सड़क छोड़कर फोरलेन क्रॉस करने लगे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे टेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही अचेत हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन व ग्रामीण उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि रामजी बेहद गरीब परिवार से थे और बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर मजदूरी कर घर चलाते थे। घर में इकलौता बेटा पास में एक छोटी सी दुकान चलाता है। पिता की मौत की खबर मिलते ही पूरा परिवार बदहवास हो गया। इधर, पुलिस ने टेलर वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही शव गांव पहुंचा, घर व आसपास की महिलाओं के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। परिवार पर अचानक आए इस दुख ने पूरे गांव को शोक में डूबो दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here