गोकुल जलाशय और नथमलपुर भांगड़ का होगा विकास बक्सर खबर। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने गुरुवार को बक्सर और भोजपुर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हरियाली, इको-पर्यटन और जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने बताया कि भोजपुर वन प्रमंडल द्वारा “जल-जीवन-हरियाली” योजना के तहत नहर तट, पथ तट और शहरी क्षेत्रों में कुल 86,500 पौधों का रोपण किया गया है। साथ ही, नावानगर में एक आधुनिक वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर की स्थापना की जा रही है, जहां घायल या बीमार वन्य प्राणियों का इलाज किया जाएगा। यह केंद्र विशेष रूप से दुर्लभ कृष्ण मृग जैसी प्रजातियों के संरक्षण के लिए अहम साबित होगा।
उन्होंने बताया कि गोकुल जलाशय और भोजपुर के नथमलपुर भांगड़ जलाशय के संरक्षण और विकास की भी योजना तैयार की गई है, जिससे आर्द्रभूमियों की जैव विविधता को संरक्षित रखा जा सकेगा। कमलदह पोखरा पार्क का सौंदर्यीकरण कार्य पूरा हो चुका है और इसे इको-पर्यटन के लिहाज से विकसित किया गया है। डॉ. कुमार ने यह भी घोषणा की कि आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 में भोजपुर के वीर कुंवर सिंह पार्क और बक्सर की मृत सोन कैनाल पर ‘गायत्री मंत्र’ थीम पर आधारित रिवरफ्रंट का निर्माण किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरित आवरण को बढ़ाने, जैव विविधता एवं आर्द्रभूमियों के संरक्षण और आम जनता के लिए इको-पर्यटन की सुविधाएं विकसित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

दौरे के दौरान मंत्री डॉ. सुनील कुमार, भाजपा नेत्री मीना सिंह कुशवाहा के कोईरपुरवा स्थित निवास पर भी पहुंचे। वहां कुशवाहा समाज के लोगों से मिलकर उन्हें राजनीति की मुख्यधारा में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। मीना सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संजय कुमार सिंह, राजकुमार सिंह, डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह, चंदन कुमार, बबन सिंह, बलिराम, राकेश महतो, राजेश कुशवाहा, सुशील कुशवाहा, विवेक चौधरी, हीरामन पासवान सहित ‘आसा’ संस्था के बिपिन कुमार और डीएफओ भोजपुर शामिल थे। मंत्री महोदय ने “हर रविवार एक घंटा पर्यावरण के नाम” कार्यक्रम के तहत लोगों से पौधों को संरक्षित करने की अपील की। उपस्थित लोगों ने इस मुहिम से जुड़ने का वादा भी किया।