बक्सर खबर। नया बाजार इलाके में आज रविवार की शाम दहशत फैलाने वालों ने गोलीबारी की। घटना छह बजे के आस-पास हुई। सूचना के अनुसार अपाची बाइक पर सवार अपराधियों ने हवा में गोलियां चलाई और चलते बने। सरे राह गोलीबारी की यह घटना जिसने देखी। उसके बदन में सिहरन दौड़ गई। लोगों ने इसकी सूचना नगर थाने को दी। पुलिस पहुंची और बताए गए स्थान के पास जांच शुरू की। पता चला नया बाजार आश्रम के मोड के पास ही यह वाकया हुआ है।
आस-पास दुकानों में लगे कैमरों को खंगाला गया। कुछ वीडियो हाथ लगा। जिससे अपराधियों की संख्या और उनके हुलिया का अंदाजा लगा। पूछने पर नगर कोतवाल अविनाश कुमार ने कहा पुलिस के हाथ वीडियो लगा है। अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। यह तय है कि गोली दहशत फैलाने की नियत से चली है। क्योंकि अपराधी हवा में गोली चलाते और भागते नजर आ रहे हैं। वहीं सूत्री की माने तो यह पूरा मामला रंगदारी मांगने का है। दो बाइक सवार अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी को ध्यान में रखते हुए बक्सर खबर की टीम पूरे मामले की तह तक जाने के फिराक में है। हमें जो ज्ञात होगा। उसकी अगली खबर कुछ देर बाद आपके सामने होगी।

































































































