पंचायत और बूथ स्तर पर सक्रियता ही कार्यकर्ताओं के लिए बनेगी सम्मान का आधार बक्सर खबर। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सोमवार को कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने को लेकर एक अहम संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने की। इसमें बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक मृणाल अनामय, वरिष्ठ नेता, सक्रिय कार्यकर्ता और जिले के सभी प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत जिला या प्रदेश नहीं, बल्कि पंचायत और बूथ स्तर से तय होती है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब प्रखंड अध्यक्ष केवल नाम के अध्यक्ष नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें संगठन को चलाने की जिम्मेदारी निभानी होगी। पंचायत स्तर पर मजबूत कार्यक्रम समितियों का गठन कर जनता के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहना होगा।
उन्होंने बताया कि संगठन के पुनर्गठन का उद्देश्य जमीनी और कर्मठ कार्यकर्ताओं को आगे लाना है। किसानों को धान का उचित मूल्य न मिलने को गंभीर मुद्दा बताते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर मांग रखेगा। प्रदेश पर्यवेक्षक मृणाल अनामय ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए प्रखंड और पंचायत स्तर पर निरंतर सक्रियता जरूरी है। बैठक में तय हुआ कि जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सभी प्रखंडों का सघन दौरा किया जाएगा। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी केवल चुनावी समय में सक्रिय रहने वालों की नहीं है। जो साथी पूरे साल संगठन के साथ काम करेंगे, उन्हें ही आगे सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।































































































