जनता दरबार में फरियादियों ने शराब, अतिक्रमण और भूमि विवाद के मामलों की बौछार

0
407

फरियादियों ने खुलकर रखी समस्याएं, एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश                                                    बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना परिसर में शनिवार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के जनता दरबार में क्षेत्र की जमीनी हकीकत खुलकर सामने आ गई। थाना क्षेत्र के अलग–अलग गांवों और इलाकों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और अपनी समस्याएं एसपी के सामने रखीं। जनता दरबार की शुरुआत सामूहिक मुद्दों से हुई, जिसमें अतिक्रमण और शराब से जुड़े मामले सबसे ज्यादा छाए रहे। फरियादियों ने बताया कि शराबबंदी कानून के बावजूद गांवों में खुलेआम शराब मिल रही है। इस पर एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं चौसा नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या भी प्रमुखता से उठी। डॉ. मनोज कुमार यादव ने सामूहिक शौचालय निर्माण स्थल पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि करीब 15 साल पहले जैसी नशा और नशीले पदार्थों की तस्करी की स्थिति दोबारा बनती दिख रही है, जिसका सीधा असर बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है।

जनता दरबार में अखौरीपुर गोला चौक पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी छाया रहा। लोगों ने कहा कि आए दिन जाम से आमजन परेशान रहते हैं। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, ऑटो चालकों को व्यवस्थित करने और अंधे मोड़ों पर साइड मिरर लगाने की मांग रखी गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। लोगों ने शिकायत की कि कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं। इस पर बताया गया कि तार बदले जा रहे हैं और अखौरीपुर गोला में ओवरब्रिज निर्माण के कारण केबल बिछाने में परेशानी आ रही है। इसके बाद जनता दरबार में भूमि विवाद के मामलों की लंबी कतार लग गई। पूनम देवी ने मारपीट में महिला की मौत के मामले में पांच महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने और जमानत पर छूटे आरोपियों से धमकी मिलने की शिकायत की। मीरा देवी ने पट्टीदारों पर जबरन खेती करने, फसल काट लेने और धमकी देने का आरोप लगाया। राजनारायण वर्मा, पप्पू जायसवाल, महातीम सिंह, रामलाल गुप्ता, बनारसी उपाध्याय, विजय कुमार जायसवाल सहित कई फरियादियों ने जमीन विवाद से जुड़े आवेदन दिए। पप्पू जायसवाल द्वारा गेहूं की फसल रौंदकर नुकसान पहुंचाने के मामले में एसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारी को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकांश भूमि विवाद मामलों के निष्पादन की जिम्मेदारी अंचल अधिकारी को सौंपी गई। जनता दरबार के अंत में एसपी शुभम आर्य ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here